मथुरा के सुरीर थाने में मां-बेटे के मिलन का भावुक दृश्य देखने को मिला। चार दिन से लापता अपने बेटे की तलाश कर रही बुजुर्ग मां रूपरानी को आखिरकार उनका बेटा सुरक्षित मिल गया। बेटे को सामने देखते ही मां ने उसे गले लगा लिया और फूट-फूटकर रोने लगीं। मां को देखकर बेटा हीरालाल भी भावुक हो गया। थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों की आंखें भी इस दृश्य को देखकर नम हो गईं।जानकारी के अनुसार, बदायूं जिले के गांव मियारी, थाना उसावा निवासी हीरालाल मानसिक रूप से अस्वस्थ है। वह अपनी बुजुर्ग मां रूपरानी के साथ इलाज और दवा लेने वृंदावन आया था। इसी दौरान भीड़ में वह मां से बिछड़ गया। बेटे के लापता होने के बाद मां उसकी तलाश में भटकती रही। उधर,हीरालाल भी अनजान इलाके में बदहवास हालत में घूम रहा था।इसी बीच सुरीर पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान संदिग्ध अवस्था में घूम रहे युवक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। युवक की पहचान होने पर बदायूं पुलिस के माध्यम से उसके परिजनों का पता लगाया गया और मां को सूचना दी गई।थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि हीरालाल को उसकी मां के सुपुर्द कर सुरक्षित घर भेज दिया गया।










टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।