मथुरा के थाना सदर बाजार क्षेत्र की एक आवासीय कॉलोनी में बिजली के मीटर को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि बड़े भाई ने अपनी पत्नी, बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर छोटे भाई के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल सुनील सैनी को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, दोनों भाई एक ही मकान में अलग-अलग परिवारों के साथ रहते हैं और उनका खानपान भी अलग है। बीती रात बिजली के मीटर को लेकर विवाद शुरू हुआ। सुनील सैनी का आरोप है कि बड़े भाई कपिल सैनी ने उसके मीटर की बिजली काट दी थी। इसका कारण पूछने पर कपिल ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद कपिल सैनी, उसकी पत्नी ओमवती, बेटे कुलदीप और सरस्वती देवी ने मिलकर सुनील के साथ मारपीट की और नुकीली व धारदार वस्तुओं से हमला कर दिया। किसी तरह जान बचाकर सुनील ने डायल 112 पर सूचना दी।
घायल सुनील का आरोप है कि करीब दो महीने पहले भी उसके साथ इसी तरह की घटना हुई थी। उसने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई और घटना के संबंध में आधिकारिक बयान की जानकारी उपलब्ध नहीं है।













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।