आगरा। ऐतिहासिक, धार्मिक एवं आध्यात्मिक नगरी बटेश्वर की पावन धरा शुक्रवार को पत्रकार एकता, सम्मान, स्वाभिमान और संगठनात्मक शक्ति के शंखनाद से गूंज उठी। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, जनपद आगरा के तत्वावधान में बाह क्षेत्र के प्रसिद्ध लख्खी मेले में आयोजित ‘बटेश्वर कलमकार संगम’ में जिलेभर सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों पत्रकारों ने सहभागिता कर ग्रामीण पत्रकारों की समस्याओं, सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों और संगठन की मजबूती को लेकर आवाज बुलंद की। कलमकारों के इस महाकुंभ में एकजुटता, सहयोग और पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने का संकल्प गूंजता नजर आया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत आगरा की प्रशासक डॉ. मंजू भदौरिया एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन आजाद भगत सिंह रहे। विशिष्ट अतिथि जिला सूचना अधिकारी शीलेन्द्र शर्मा और राजस्थान के सह प्रभारी श्याम सुंदर पाराशर रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संयोजन जिलाध्यक्ष डॉ. विष्णु सिकरवार ने किया, जबकि मंच संचालन जिला महामंत्री प्रमेन्द्र फौजदार ने किया।
जिला कार्यालय की मांग पर मिला सकारात्मक भरोसा

कलमकार संगम के दौरान ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन आगरा के जिला कार्यालय की व्यवस्था कराने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। मुख्य अतिथि डॉ. मंजू भदौरिया ने कहा कि संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ. विष्णु सिकरवार लंबे समय से जिला कार्यालय के लिए प्रयासरत हैं। वह स्वयं भी पिछले एक वर्ष से इस मांग को पूरा कराने के प्रयास कर रही हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के कार्यालय के लिए जल्द ही उचित व्यवस्था कराने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने पत्रकारों को समाज का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए उनकी संगठनात्मक आवश्यकताओं के प्रति सकारात्मक रुख व्यक्त किया।
वहीं जिलाधिकारी मनीष बंसल के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे एडीएम प्रशासन आजाद भगत सिंह ने भी पत्रकारों की मांग को गंभीरता से सुना और कार्यालय के लिए स्थान उपलब्ध कराने के संबंध में सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, जो शासन-प्रशासन और आमजन के बीच संवाद स्थापित करने का कार्य करते हैं। विशेषकर ग्रामीण पत्रकार विषम परिस्थितियों में भी जनसमस्याओं को उजागर कर आमजन की आवाज प्रशासन तक पहुंचाते हैं।
निष्पक्षता और तथ्यपरकता ही पत्रकारिता की पहचान : शीलेन्द्र शर्मा

विशिष्ट अतिथि जिला सूचना अधिकारी शीलेन्द्र शर्मा ने ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की संगठनात्मक भूमिका और ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि गांवों और कस्बों की वास्तविक समस्याओं को सामने लाने के साथ सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में ग्रामीण पत्रकार महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की विश्वसनीयता निष्पक्षता, प्रमाणिकता और तथ्यपरक समाचारों से कायम रहती है। पत्रकारों को जनहित सर्वोपरि रखते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। ऐसे आयोजन पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय, संवाद और संगठनात्मक मजबूती को बढ़ावा देते हैं।
सम्मान, सुरक्षा और स्वाभिमान की सामूहिक आवाज है संगठन : डॉ. विष्णु सिकरवार

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष एवं संयोजक डॉ. विष्णु सिकरवार ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन केवल एक संगठन नहीं, बल्कि ग्रामीण पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा, स्वाभिमान और अधिकारों की सामूहिक आवाज है। संगठन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण पत्रकार की समस्याओं को मजबूती से उठाना और उनके सुख-दुख में साथ खड़ा रहना है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पत्रकार सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद निष्ठा एवं साहस के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में उनके सम्मान और सुरक्षा के लिए संगठन का मजबूत होना बेहद आवश्यक है। बटेश्वर कलमकार संगम का उद्देश्य पत्रकारों को एक मंच पर लाकर आपसी संवाद, सहयोग और भाईचारे को सुदृढ़ करना है। जब कलमकार एकजुट होते हैं तो उनकी आवाज अधिक प्रभावशाली बनती है।
उन्होंने आयोजन में पहुंचे अतिथियों, पदाधिकारियों और पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
पत्रकारिता की गरिमा और निर्भीकता बनाए रखने पर जोर
राजस्थान के सह प्रभारी श्याम सुंदर पाराशर सहित अन्य वक्ताओं ने पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने, निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता करने और संगठनात्मक एकता को मजबूत बनाने पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं। उनकी लेखनी जनसमस्याओं को उजागर करने के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम भी बनती है।
अतिथियों का सम्मान, सैकड़ों पत्रकारों की सहभागिता ने आयोजन को बनाया भव्य

कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। जिले की विभिन्न तहसीलों से पहुंचे पदाधिकारियों, सदस्यों और पत्रकारों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया। सह संयोजक एवं बाह तहसील अध्यक्ष इंद्रेश तोमर ने सभी अतिथियों और पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत आगरा की प्रशासक डॉ. मंजू भदौरिया, एडीएम प्रशासन आजाद भगत सिंह, जिला सूचना अधिकारी शीलेन्द्र शर्मा, राजस्थान के सह प्रभारी श्याम सुंदर पाराशर, मंडल अध्यक्ष अखिलेश सक्सेना, मंडल महासचिव संत कुमार भारद्वाज, मंडल महामंत्री छत्रपाल सिंह एवं प्रभात कुमार, गौसेवक गोपाल ठाकुर, जिला संरक्षक राजेंद्र शुक्ला, जिलाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. विष्णु सिकरवार, सह संयोजक एवं बाह तहसील अध्यक्ष इंद्रेश तोमर, जिला उपाध्यक्ष नीरज परिहार, उमेद्र भदौरिया, अशोक शर्मा, ओमप्रकाश सविता, शिवम सिकरवार, नवीन राजावत, कमल बिहारी मुखिया, चौब सिंह सक्सेना, महावीर वर्मा, सुरेश जारौलिया, प्रमोद पाठक, प्रमोद सिंघल सहित जिलेभर से आए सैकड़ों पत्रकार मौजूद रहे।
बटेश्वर की ऐतिहासिक धरती पर आयोजित ‘कलमकार संगम’ ने यह संदेश दिया कि पत्रकारिता की शक्ति केवल कलम चलाने तक सीमित नहीं, बल्कि जनहित, अधिकारों और सम्मान के मुद्दों पर कलमकारों की सामूहिक एकजुटता में भी निहित है। यह आयोजन ग्रामीण पत्रकारों के संगठनात्मक संकल्प, आपसी भाईचारे और एकता की यादगार मिसाल बन गया।















टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।