झाँसी में छह वर्षीय बच्चे के अपहरण और 15 लाख की नकदी लेकर फरार चालक का दुस्साहस, पुलिस मुठभेड़ में साथी समेत गिरफ्तार,
स्वाट टीम और गुरसराय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, दोनों आरोपियों के पैर में लगी गोली; दो तमंचे, कारतूस और 50 हजार रुपये बरामद,

झाँसी। गुरसराय थाना क्षेत्र में व्यापारी के छह वर्षीय पुत्र को स्कॉर्पियो सहित लेकर फरार होने और गाड़ी में रखी 15 लाख रुपये से अधिक की नकदी लेकर भागने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 21 और 22 नवंबर की मध्यरात्रि स्वाट टीम तथा गुरसराय थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान आरोपियों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 50 हजार रुपये नकद, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर 2026 को व्यापारी अनुराग सिंह निवासी गोला कुआं, झाँसी ने थाना गुरसराय में सूचना दी थी कि वह अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में डीजल भरवाने के लिए रुके हुए थे। इसी दौरान उनका चालक गाड़ी में बैठे उनके छह वर्षीय पुत्र को लेकर स्कॉर्पियो सहित फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही गुरसराय पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर वाहन और बच्चे की तलाश शुरू की। पुलिस ने स्कॉर्पियो और बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया था, लेकिन चालक गाड़ी में रखी 15 लाख रुपये से अधिक की नकदी तथा व्यापारी की पत्नी का मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी विकास कुमार के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया था। पुलिस टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। इसी क्रम में 21/22 नवंबर की मध्यरात्रि मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में वांछित चालक आशीष अग्निहोत्री अपने साथी विशाल वर्मा के साथ मोटरसाइकिल से जा रहा है।
सूचना मिलते ही स्वाट टीम और थाना गुरसराय पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपियों की घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। पुलिस टीम ने मौके से दोनों को गिरफ्तार कर लिया और घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष अग्निहोत्री निवासी श्रीराम कॉलोनी, जिला छतरपुर (मध्य प्रदेश), हाल निवासी ईसाई टोला, थाना प्रेमनगर, झाँसी तथा विशाल वर्मा निवासी मढ़ियावां, लखनऊ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 50 हजार रुपये नकद, दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।
इस कार्रवाई के बाद व्यापारी के पुत्र को लेकर फरार हुए चालक और उसके सहयोगी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।