27 नवंबर, 2026  |  16:42 IST
Jila Nazar
शुक्रवार, 27 नवंबर 2026
विज्ञापन
Billboard 1275x450
Billboard 1275x450
Billboard 1275x450
Billboard 1275x450
Billboard 1275x450
Billboard 1275x450

आगरा कॉलेज ने मेट्रो को दो-टूक कहा, एक इंच अतिरिक्त जमीन नहीं देंगे, सोमवार को होगी संयुक्त पैमाइश

आगरा कॉलेज ने मेट्रो को दो-टूक कहा, एक इंच अतिरिक्त जमीन नहीं देंगे, सोमवार को होगी संयुक्त पैमाइशक्षतिग्रस्त संपत्ति का मिलेगा मुआवजा, 10 सूत्रीय मांगों पर सोमवार तक लिखित जवाब देगा मेट्रो प्रशासन, …

⏱ 1 मिनट में पढ़ें
आगरा कॉलेज ने मेट्रो को दो-टूक कहा, एक इंच अतिरिक्त जमीन नहीं देंगे, सोमवार को होगी संयुक्त पैमाइश

आगरा कॉलेज ने मेट्रो को दो-टूक कहा, एक इंच अतिरिक्त जमीन नहीं देंगे, सोमवार को होगी संयुक्त पैमाइश

क्षतिग्रस्त संपत्ति का मिलेगा मुआवजा, 10 सूत्रीय मांगों पर सोमवार तक लिखित जवाब देगा मेट्रो प्रशासन, फिलहाल स्थगित हुआ आंदोलन

विज्ञापन
WhatsApp
WhatsApp
WhatsApp

 

आगरा, 27 नवम्बर। आगरा कॉलेज के खेल मैदान और संपत्ति को लेकर मेट्रो परियोजना के साथ चल रहे विवाद में कॉलेज प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कॉलेज ने स्पष्ट कर दिया है कि मेट्रो को निर्धारित भूमि से एक इंच भी अतिरिक्त जमीन नहीं दी जाएगी। शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट अमित शुक्ला की मौजूदगी में हुई वार्ता में सोमवार को संयुक्त पैमाइश कराने और क्षतिग्रस्त संपत्ति का मुआवजा देने पर सहमति बनी। इसके बाद प्राचार्य के अनुरोध पर धरना-प्रदर्शन फिलहाल स्थगित कर दिया गया।

इससे पहले छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कॉलेज की भूमि और संपत्ति की सुरक्षा, मेट्रो निर्माण से हुए नुकसान की भरपाई तथा पूर्व में सौंपी गई दस सूत्रीय मांगों को पूरा करने की मांग उठाई।

मेट्रो निदेशक पहुंचे कॉलेज, हुई वार्ता

प्रदर्शन के बाद मेट्रो परियोजना के निदेशक अरविंद कुमार राय कॉलेज पहुंचे। प्राचार्य कार्यालय में सिटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कॉलेज प्रशासन और मेट्रो अधिकारियों के बीच वार्ता हुई। कॉलेज प्रशासन ने दो-टूक कहा कि मेट्रो परियोजना के लिए जितनी भूमि निर्धारित और चिन्हित की गई है, केवल उतनी ही भूमि का इस्तेमाल किया जा सकता है।

तय हुआ कि सोमवार को मेट्रो निदेशक और कॉलेज प्रशासन के प्रतिनिधियों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर भूमि की विधिवत पैमाइश करेगी। इससे उपलब्ध कराई गई जमीन की वास्तविक सीमा स्पष्ट हो सकेगी और भविष्य में अतिक्रमण को लेकर विवाद की गुंजाइश नहीं रहेगी।

क्षति का आकलन कर मिलेगा मुआवजा

वार्ता में कॉलेज की भूमि, खेल मैदान और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। कॉलेज प्रशासन ने कहा कि क्षति का विधिवत आकलन कराया जाएगा और उसके अनुरूप मेट्रो प्रशासन से नियमानुसार मुआवजा लिया जाएगा। संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई मेट्रो प्रशासन की जिम्मेदारी होगी।

10 सूत्रीय मांगों पर सोमवार तक लिखित जवाब

कॉलेज की दस सूत्रीय मांगों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पूर्व में जिन शर्तों पर सहमति बनी थी, उनका पूरी तरह पालन होना चाहिए। इस पर परियोजना निदेशक ने आश्वासन दिया कि सोमवार तक सभी दस बिंदुओं पर लिखित जवाब दिया जाएगा। साथ ही प्रत्येक कार्य की समय-सीमा निर्धारित कर समयबद्ध कार्ययोजना भी प्रस्तुत की जाएगी।

दुर्व्यवहार करने वाले कर्मचारी सेवा से हटाए

वार्ता के दौरान शिक्षक के साथ मेट्रो कर्मचारियों द्वारा कथित दुर्व्यवहार का मामला भी उठाया गया। इस संबंध में थाना लोहामंडी में तहरीर दी गई है। सिटी मजिस्ट्रेट ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं परियोजना निदेशक ने बताया कि अभद्रता करने वाले कर्मचारियों को सेवा से हटा दिया गया है।

प्राचार्य बोले, कॉलेज की गरिमा से समझौता नहीं

प्राचार्य प्रो. सीके गौतम ने कहा कि आगरा कॉलेज ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान है। इसकी भूमि, संपत्ति और गरिमा की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विकास के नाम पर कॉलेज के अधिकारों की अनदेखी किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी।

सोमवार को होने वाली संयुक्त पैमाइश, दस सूत्रीय मांगों पर मिलने वाले लिखित जवाब और कार्ययोजना की समीक्षा के बाद ही आंदोलन को लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

यह खबर शेयर करें

यह भी पढ़ें

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।