मुरैना। शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मुरैना में वार्षिक शैक्षणिक कैलेंडर के अंतर्गत विज्ञान मेले का भव्य आयोजन किया गया। मेले में विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार का प्रदर्शन करते हुए कुल 44 आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए।
विज्ञान मेले में इसरो के रॉकेट एवं अंतरिक्ष विज्ञान, मानव शरीर की कार्यप्रणाली, किडनी और हृदय, पर्यावरण संरक्षण तथा ऊर्जा संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित कार्यशील एवं स्थिर मॉडल प्रदर्शित किए गए। विद्यार्थियों के मॉडलों ने वैज्ञानिक सोच और विषयों की व्यावहारिक समझ को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
निर्णायक समिति ने मॉडलों की उपयोगिता, प्रस्तुतीकरण और वैज्ञानिक समझ के आधार पर सर्वश्रेष्ठ तीन प्रतिभागियों का चयन किया। प्रतियोगिता में कक्षा 10वीं की छात्रा रितु तोमर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा 10वीं के छात्र नितिन शर्मा द्वितीय और कक्षा 9वीं के छात्र शिवम खन्ना तृतीय स्थान पर रहे। विजेता विद्यार्थियों को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व प्राचार्य एस.एस. तोमर, सहायक जिला विज्ञान अधिकारी राकेश शर्मा, वरिष्ठ व्याख्याता व्योमेश शर्मा, व्याख्याता पंकज शर्मा, विद्यालय के प्राचार्य रामभोग शर्मा, डॉ. बी.एल. शर्मा तथा विज्ञान शिक्षक पवन हांकरे एवं गिरीश जैन उपस्थित रहे।
अतिथियों ने विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा, नवाचारी सोच और रचनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और उन्हें भविष्य में नई खोजों के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के उत्साह और प्रतिभा की सराहना की गई।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।