हीमपुर दीपा, बिजनौर। मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के अंतर्गत 14 अक्टूबर 2026 को थाना हीमपुर दीपा पुलिस की मिशन शक्ति टीम द्वारा प्राथमिक विद्यालय हीमपुर दीपा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षिकाओं एवं महिलाओं को महिला सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों तथा साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को घरेलू हिंसा, मारपीट एवं उत्पीड़न जैसी घटनाओं के विरुद्ध आवाज उठाने और बिना किसी भय के अपनी शिकायत पुलिस तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। वहीं, बालिकाओं को छेड़छाड़, मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से परेशान करने तथा अश्लील संदेश भेजने जैसी घटनाओं के प्रति सतर्क रहने और ऐसी परिस्थितियों में तत्काल शिकायत करने के बारे में जागरूक किया गया।
पुलिस टीम ने साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन सुरक्षा तथा साइबर ठगी होने की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई। लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, अपनी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने और इंटरनेट तथा सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी गई। साथ ही सभी को भरोसा दिलाया गया कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए निडर होकर पुलिस से संपर्क कर सकते हैं।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
मिशन शक्ति टीम ने महिला एवं बाल सुरक्षा तथा आपातकालीन सहायता के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। इनमें महिला हेल्पलाइन 181, वूमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उनमें सुरक्षा की भावना मजबूत करना तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रति सतर्कता बढ़ाना रहा। बिजनौर पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।