मऊरानीपुर (झांसी)। कोतवाली क्षेत्र के गांधीगंज में चार नकाबपोश बदमाशों ने सूने मकान में चोरी का प्रयास किया। दरवाजे पर लगा डबल लॉक नहीं खुलने के कारण वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, गांधीगंज निवासी उमाशंकर साहू के मकान को बदमाशों ने निशाना बनाया। आरोप है कि पहले रेकी करने के बाद उन्होंने ताला तोड़कर घर में घुसने का प्रयास किया, लेकिन डबल लॉक नहीं खुलने पर लौट गए। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।
गौरतलब है कि सितंबर में सर्राफा बाजार में भी एक कारोबारी की दुकान से सोना और नकदी ले जाने का मामला सामने आया था। गांधीगंज की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों की जल्द पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।