मथुरा। बुधवार को रांची बागर स्थित 16वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के मुख्यालय में पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में कमांडेंट नितिन कुमार सहित अधिकारियों और जवानों ने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का संकल्प दोहराया।कमांडेंट नितिन कुमार ने पुलिस स्मृति दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में चीनी सेना के हमले के दौरान सीआरपीएफ के गश्ती दल ने अदम्य साहस का परिचय दिया था। इस संघर्ष में 10 जवानों ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया था। उनकी स्मृति में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। उन्होंने विगत वर्ष के दौरान शहीद हुए जवानों के नाम पढ़कर सुनाए और उनके योगदान को नमन किया।कमांडेंट ने कहा कि शहीदों का बलिदान देशसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की प्रेरणा देता है।कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी जय प्रकाश सिंह,मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार धाकड़,उप कमांडेंट विनेश कुमार त्यागी सहित राजपत्रित अधिकारी,अधीनस्थ अधिकारी और अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।