29 नवंबर, 2026  |  00:20 IST
विज्ञापन
Billboard 1275x450
Billboard 1275x450
Billboard 1275x450
Billboard 1275x450
Billboard 1275x450
Billboard 1275x450

भाजपा नेत्री शबाना खंडेलवाल ने छोड़ी पार्टी, छह साल की उपेक्षा और अपमान से आहत होकर दिया इस्तीफा

नौ विधानसभा क्षेत्रों में संगठन के लिए काम करने के बावजूद जिम्मेदारी नहीं मिलने का आरोप, बोलीं– जमीन पर संघर्ष करने वाले कार्यकर्ताओं के बजाय चापलूसों को मिल रहा महत्व

⏱ 1 मिनट में पढ़ें👁 1 बार पढ़ा गया
भाजपा नेत्री शबाना खंडेलवाल ने छोड़ी पार्टी, छह साल की उपेक्षा और अपमान से आहत होकर दिया इस्तीफा

आगरा। भारतीय जनता पार्टी में संगठनात्मक उपेक्षा और सम्मान न मिलने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेत्री शबाना खंडेलवाल ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व और क्षेत्रीय पदाधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वर्षों तक संगठन के लिए मेहनत करने वाले निष्ठावान कार्यकर्ताओं की अनदेखी हो रही है, जबकि चापलूसी करने वालों को अधिक महत्व दिया जा रहा है।

शबाना खंडेलवाल के अनुसार, उन्होंने वर्ष 2021 में लखनऊ में तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी और दयाशंकर सिंह की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। उस समय उन्हें सम्मान और संगठन में उचित जिम्मेदारी देने का भरोसा दिलाया गया था। उनका दावा है कि करीब छह वर्षों तक सक्रियता से काम करने और नौ विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों में योगदान देने के बावजूद उन्हें कोई जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई।

विज्ञापन
WhatsApp
WhatsApp
WhatsApp

ब्रज क्षेत्र नेतृत्व पर भी लगाए आरोप

शबाना ने ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरन सिंह लोधी पर अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में आगरा उत्तर सीट से महिला भागीदारी के तहत अपनी दावेदारी पर विचार करने का अनुरोध किया था। आरोप है कि उन्हें जवाब मिला कि जब अब तक कोई जिम्मेदारी नहीं मिली तो टिकट क्यों दिया जाए। उन्होंने ब्रज क्षेत्र कार्यालय में करीब चार घंटे इंतजार कराने और मुलाकात नहीं होने के साथ फोन का जवाब न मिलने की बात भी कही।

सामाजिक समरसता पर उठाए सवाल

शबाना खंडेलवाल ने सवाल उठाया कि क्या मुस्लिम और वैश्य समाज से जुड़ी उनकी पहचान के कारण उनके साथ ऐसा व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मोहन भागवत के सामाजिक समरसता के विचारों से प्रेरित होकर वह समाज को जोड़ने का काम करती रही हैं।

आत्मसम्मान से समझौता नहीं

उन्होंने स्पष्ट कहा कि आत्मसम्मान से बढ़कर कोई पद या राजनीतिक पहचान नहीं है। पार्टी छोड़ने के बावजूद वह अपनी टीम के साथ समाजसेवा और जरूरतमंदों की मदद का काम जारी रखेंगी। फिलहाल उनके इस्तीफे ने आगरा के राजनीतिक और संगठनात्मक गलियारों में चर्चा छेड़ दी है। हालांकि, संगठनात्मक उपेक्षा और भेदभाव से जुड़े सभी आरोप शबाना खंडेलवाल के व्यक्तिगत बयान पर आधारित हैं।

 

यह खबर शेयर करें

यह भी पढ़ें

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।