मथुरा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गऊ ग्राम परखम में गौ-संरक्षण और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर में कम से कम एक गाय होनी चाहिए। गाय से प्राप्त पंचगव्य अमृत के समान है। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड में यमुना मैया का भव्य मंदिर बनवाने की घोषणा भी की।दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति की ओर से दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित समारोह में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल हुए। कार्यक्रम में पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान विषय के एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का विमोचन किया गया। साथ ही अनुवादात्मक चिकित्सा में आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केंद्र और श्री नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण हुआ।समारोह में आयुर्वेद कॉलेज एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय और दो बीएचके आवासीय परिसर की आधारशिला रखी गई। इन परियोजनाओं के जरिए गौ-संरक्षण, पशु चिकित्सा, आयुर्वेद आधारित अनुसंधान और शिक्षा को आगे बढ़ाने की योजना है।कार्यक्रम में केंद्रीय मत्स्य पालन एवं पशुपालन राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, यूपी के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह और आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' मौजूद रहे। इसके अलावा संत-महात्माओं, आरएसएस पदाधिकारियों, शिक्षाविदों, विश्वविद्यालयों के कुलपतियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और समाजसेवियों ने भी सहभागिता की।










टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।