मथुरा। जिले के विद्यालयों में विद्यार्थियों को लोकतंत्र, निर्वाचन प्रक्रिया और मताधिकार के प्रति जागरूक करने के लिए मतदाता साक्षरता क्लब गठित किए जाएंगे। भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी के मार्गदर्शन में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में प्रधानाचार्यों की कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें क्लबों के गठन, पंजीकरण और नियमित संचालन की जानकारी दी गई।कार्यशाला में जिला मास्टर ट्रेनर डॉ. अखिलेश यादव ने प्रधानाचार्यों और संबंधित शिक्षकों को मतदाता साक्षरता क्लब की उपयोगिता समझाई। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में प्रारंभ से ही संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया और मताधिकार के प्रति समझ विकसित करना आवश्यक है। ये क्लब विद्यार्थियों के लिए लोकतंत्र की पाठशाला के रूप में कार्य करेंगे।डॉ. अखिलेश यादव ने बताया कि क्लबों के माध्यम से मतदाता सूची, मतदान के महत्व, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान और जिम्मेदार नागरिक के कर्तव्यों के बारे में जागरूकता बढ़ाई जाएगी। उन्होंने प्रधानाचार्यों से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रत्येक विद्यालय में क्लब का गठन और पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों के नवाचार और गतिविधियां अन्य संस्थानों के लिए प्रेरणा बन सकती हैं।
अब विद्यालयों में गठित होंगे मतदाता
साक्षरता क्लब डायट में प्रधानाचार्यों की कार्यशाला, विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों की दी जाएगी जानकारी
⏱ 1 मिनट में पढ़ें





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।