मथुरा। समाजवादी पार्टी की निवर्तमान महानगर अध्यक्ष ऋतु गोयल के खिलाफ मारपीट, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और फोन पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। कोतवाली क्षेत्र के आजाद नगर निवासी मनीष आजाद की शिकायत पर शनिवार को रिफाइनरी थाने में एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।शिकायतकर्ता ने ऋतु गोयल पर अपने साथियों के माध्यम से मारपीट कराने का आरोप लगाया है।मनीष आजाद के मुताबिक, 19 अगस्त को वह अपने साथी देवनंदन कश्यप के साथ बरारी गांव में बाइक पर खड़े थे। उस समय गांव में सपा के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के नेतृत्व में बैठक चल रही थी। बैठक समाप्त होने के बाद लौटते समय ऋतु गोयल ने कथित तौर पर रास्ते में गाड़ी रुकवाई और अपने साथ मौजूद दो बाउंसरों तथा एक अज्ञात व्यक्ति से उन्हें पकड़वा लिया। आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित किया गया और मारपीट की गई।शिकायतकर्ता ने बताया कि विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। शोर सुनकर साथी देवनंदन कश्यप और अन्य लोग मौके पर पहुंचे तथा बीच-बचाव किया। मनीष ने फोन पर धमकाने का आरोप भी लगाया है।पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच और आगे की कार्रवाई पुलिस के स्तर पर की जाएगी।फिलहाल ऋतु गोयल का पक्ष सामने नहीं आया है।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।