वृंदावन। मथुरा के वृंदावन में रविवार दोपहर निर्माणाधीन इमारत की चौथी मंजिल की बाउंड्री टूटकर सड़क पर गिर गई। हादसे में नीचे गिरी महिला मजदूर रचना की मौत हो गई, जबकि उसके साथ काम कर रहा मजदूर कप्तान गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने रचना को मृत घोषित कर दिया। घटना वृंदावन कोतवाली क्षेत्र के रमण रेती इलाके में श्यामा श्याम धाम के पीछे हुई।जानकारी के अनुसार, इमारत में री-कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा था। रविवार दोपहर करीब एक बजे चौथी मंजिल पर सड़क की ओर बनी बाउंड्री को तोड़ते समय वह अचानक भरभराकर नीचे गिर गई। इसकी चपेट में आने से रचना और कप्तान भी नीचे सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां कप्तान की गंभीर हालत को देखते हुए उसे भर्ती कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों मजदूरों को रविवार को चौक से काम के लिए लाया गया था।रचना की मौत की सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी अश्वनी कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई। फिलहाल पुलिस को मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है और जांच की जा रही है।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।