मथुरा। भाई-बहन के अटूट प्रेम और धार्मिक आस्था के प्रतीक यम द्वितीया पर्व पर मंगलवार को धर्मनगरी मथुरा के विश्राम घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही भाई-बहनों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने यमुना के पावन जल में स्नान कर धार्मिक परंपरा निभाई और सुख-समृद्धि की कामना की। पर्व को लेकर मंगलवार और बुधवार दो दिनों तक विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यमुना के प्रमुख घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और बैरिकेडिंग की गई है। किसी के बिछड़ने की स्थिति में सहायता के लिए खोया-पाया केंद्र भी स्थापित किया गया है। माथुर चतुर्वेद परिषद की ओर से अध्यक्ष राजन पाठक के नेतृत्व में व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली जा रही है। परिषद के महामंत्री संजय अल्पाइन ने बताया कि युवा समिति के कार्यकर्ताओं की दो दिनों तक चार सत्रों में ड्यूटी लगाई गई है। परिषद के पदाधिकारी और सदस्य भी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे।इस दौरान अध्यक्ष राजन पाठक ने पदाधिकारियों के साथ नाव से विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा परिषद की प्राथमिकता है। इसके लिए मुख्य कार्यकारिणी और युवा समिति के सदस्य लगातार दो दिनों तक सेवाएं देंगे।इस मौके पर महामंत्री संजय अल्पाइन,कोषाध्यक्ष नीरज चतुर्वेदी, उपाध्यक्ष कमल चतुर्वेदी व योगेंद्र चतुर्वेदी,मंत्री अनिल चतुर्वेदी व संजय चतुर्वेदी, श्याम मोनू चतुर्वेदी, पुनीत चतुर्वेदी, मनोज पाठक, गोपाल सालिगराम सहित युवा शाखा के गोपाल बौहरे, गोपाल पाठक, आकाश चतुर्वेदी, सोनू पंडित, सूरज, रामकृष्ण, सौरव, अनमोल, प्रद्युम्न, शुभम, गिरधर, अंगद, उदय, हर्ष और कृष्णम सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।











टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।