मथुरा। मांट थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। पानीगांव मार्ग पर ईंटों से लदे ट्रैक्टर और थार कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में थार सवार छह युवक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग निकला।हादसा सुबह करीब तीन बजे राधारानी कट के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, ईंटों से भरा ट्रैक्टर पानीगांव की ओर जा रहा था, जबकि थार कार पानीगांव की तरफ से मांट आ रही थी। इसी दौरान दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। उसमें सवार युवकों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।दुर्घटना में गांव भरतिया, थाना जैत निवासी हरीबाबू (19), करन (22), जगदीश (25), मोहित (18), राहुल (20) और कान्हा (19) घायल हो गए। थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मांट भिजवाया और उनके परिजनों को भी हादसे की जानकारी दी।पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त थार को खाई से बाहर निकलवाया। वहीं, फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश और हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।