फतेहाबाद (आगरा)। थाना फतेहाबाद पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली, एक मोटरसाइकिल, 670 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, मामले का खुलासा शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर किया गया।
पुलिस के अनुसार, रविन्द्र सिंह पुत्र तारा सिंह ने 23 अक्टूबर 2026 को तहरीर देकर बताया था कि 10 अक्टूबर की रात उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी कर ली गई थी। शिकायत के आधार पर थाना फतेहाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था।

23 अक्टूबर की रात पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने प्रतापपुरा पुलिया के पास से सुनहरी पुत्र कंचन सिंह निवासी बिलैठया और अल्केश पुत्र पंचम सिंह निवासी बादशाही बाग, फतेहाबाद को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) और 317(5) भी बढ़ाई हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी सुनहरी के खिलाफ आगरा, एटा, मथुरा और फिरोजाबाद में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट तथा गैंगस्टर एक्ट समेत करीब नौ मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।