मथुरा। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को मथुरा में संवैधानिक एकता और जागरूकता का संदेश देने के लिए विशेष आयोजन किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से ‘एक स्वर, एक संविधान’ कार्यक्रम के तहत जिले के करीब 8 से 10 हजार छात्र-छात्राएं एक साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करेंगे।विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देशों पर होने वाला यह कार्यक्रम गुरुवार सुबह 8:30 बजे महोली रोड स्थित संस्कार पब्लिक स्कूल, इंडस्ट्रियल एरिया में आयोजित होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश विकास कुमार करेंगे। इसमें न्यायिक, पुलिस और प्रशासनिक विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अन्य गणमान्य लोग भी शामिल होंगे।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनीता सिंह ने बताया कि जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी इस आयोजन में भाग लेंगे। सामूहिक वाचन के जरिए बच्चों को संविधान के आदर्शों और नागरिक जिम्मेदारियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।कार्यक्रम का उद्देश्य न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान बढ़ाना और मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता विकसित करना है। आयोजकों के अनुसार, हजारों विद्यार्थियों की एक साथ भागीदारी सामाजिक समरसता,राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक चेतना का संदेश देगी।










टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।