बिजनौर। तहसील चांदपुर में मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित फरियादियों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं।
समाधान दिवस में कुल 82 शिकायती पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 11 शिकायतों का अधिकारियों ने मौके पर ही निस्तारण कर दिया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता और निष्पक्षता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच की जाए और केवल औपचारिकता पूरी करने के बजाय शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत प्रदान की जाए।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि शिकायतों पर की गई कार्रवाई से संबंधित फरियादियों को अनिवार्य रूप से अवगत कराया जाए, ताकि उन्हें अपनी समस्या के समाधान की जानकारी मिल सके।
इस अवसर पर तहसीलदार चांदपुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।