मथुरा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम के दौरान गुरुवार को जनगणना-2027 के प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस मौके पर जनपद में नियुक्त फील्ड ट्रेनर्स ने समारोह में शामिल नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों को स्व-गणना की प्रक्रिया, महत्व और उपयोगिता की जानकारी दी। राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, बलदेव विधायक पूरन प्रकाश और सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा ने उपस्थित लोगों तथा नवदंपतियों को जनगणना के सफल संचालन में सहयोग करने की शपथ दिलाई। विधायक पूरन प्रकाश ने नागरिकों से जनगणना के प्रति जागरूक रहने और सही व पूरी जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की।अधिकारियों ने बताया कि जनगणना देश के विकास और भविष्य की योजनाओं के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना के तहत स्व-गणना की सुविधा 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी।एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक गणना कर्मी घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। अभियान में मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सलोनी गौतम, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनगणना से जुड़े कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से अधिकाधिक लोगों को इस प्रक्रिया से जोड़ने के लिए जागरूकता गतिविधियां जारी रखने की बात कही गई।










टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।