मथुरा। जिले में शुक्रवार सुबह आयकर विभाग की टीमों ने मथुरा और वृंदावन में कई स्थानों पर एक साथ सर्वे की कार्रवाई शुरू की। रेडिसन होटल और धौलीप्याऊ स्थित शंकर सेठ के तीन गुरुकृपा होटलों सहित उनसे जुड़े अन्य ठिकानों पर टीमें दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन की पड़ताल में जुटी रहीं। गाजियाबाद से आई आयकर विभाग की टीमों की इस कार्रवाई की जानकारी मिलते ही व्यापारिक क्षेत्र में हलचल मच गई।सूत्रों के मुताबिक, टीमें शुक्रवार तड़के करीब पांच बजे लगभग चार दर्जन वाहनों से मथुरा पहुंचीं। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर एक साथ जांच शुरू की गई। शंकर सेठ से जुड़े प्रतिष्ठानों के अलावा कुछ अन्य संबंधित लोगों के यहां भी सर्वे किए जाने की जानकारी सामने आई है। कार्रवाई के दौरान वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है।सूत्रों के अनुसार, डालमिया बाग पेड़ कटान प्रकरण से जुड़े कुछ लोगों के ठिकाने भी इस कार्रवाई के दायरे में बताए जा रहे हैं। हालांकि, आयकर विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। सर्वे की कार्रवाई देर तक जारी रहने की संभावना जताई गई। विभाग की ओर से आधिकारिक पुष्टि होने के बाद ही कार्रवाई के दायरे और उसके कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।










टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।