मथुरा। जनपद में रविवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक किशोर सहित दो लोग घायल हो गए। दोनों घटनाओं की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हादसों की जांच के साथ दूसरे मामले में फरार पिकअप चालक की तलाश कर रही है।पहली घटना थाना मगोर्रा क्षेत्र में भरतपुर रोड स्थित जाजमपट्टी के पास हुई। यहां दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में पश्चिम बंगाल निवासी 19 वर्षीय ट्रक परिचालक शुभा पोहिया पुत्र जगन पोहिया की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दूसरी घटना थाना मांट क्षेत्र के मांट-सुरीर रोड पर भद्रवन स्थित नायरा पेट्रोल पंप के सामने हुई। यहां तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सुरीर के गांव जरारा निवासी 25 वर्षीय गजेंद्र, ललित और एक किशोर घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने गजेंद्र को मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि गजेंद्र वृंदावन में मोमोज की ठेली लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। ललित और किशोर का उपचार जारी है। पुलिस अज्ञात पिकअप चालक की पहचान करने में जुटी है।













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।