मथुरा। दीपावली से पहले मथुरा,काशी और अयोध्या में बम धमाकों की धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया है। धमकी को गंभीरता से लेते हुए मथुरा में धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। शहर में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के साथ पुलिस की निगरानी भी तेज कर दी गई है।एसएसपी श्लोक कुमार ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। प्रमुख मंदिरों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही थाना क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और भीड़भाड़ वाले बाजारों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।धमकी भरे ई-मेल की जांच के लिए साइबर क्राइम टीम, एलआईयू, स्वाट और एसओजी को सक्रिय किया गया है। साइबर टीम नगर आयुक्त को भेजे गए ई-मेल के स्रोत और उसकी वास्तविकता का पता लगाने में जुटी है। पुलिस इंटरनेट मीडिया पर भी नजर रख रही है, ताकि किसी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना फैलने से रोकी जा सके।एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की निगरानी लगातार जारी रहेगी और संदिग्ध गतिविधियां सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।






टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।