5 नवंबर, 2026  |  23:14 IST
Jila Nazar
गुरुवार, 5 नवंबर 2026
विज्ञापन
Billboard 1275x450

दीपावली से देव प्रबोधनी एकादशी तक मथुरा में सुरक्षा का कड़ा पहरा, डीएम-एसएसपी ने बनाई रणनीति

गोवर्धन परिक्रमा से यमुना घाटों तक रहेंगी विशेष व्यवस्थाएं, सफाई, पेयजल, बिजली और चिकित्सा सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश

⏱ 1 मिनट में पढ़ें👁 13 बार पढ़ा गया
दीपावली से देव प्रबोधनी एकादशी तक मथुरा में सुरक्षा का कड़ा पहरा, डीएम-एसएसपी ने बनाई रणनीति

मथुरा। दीपावली से लेकर गोवर्धन पूजा, भाईदूज, गोपाष्टमी, अक्षय नवमी और देव प्रबोधनी एकादशी तक आने वाले प्रमुख पर्वों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक कर सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं की समीक्षा की।अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।जिलाधिकारी ने कहा कि गोवर्धन पूजा और अक्षय नवमी पर सप्तकोसीय परिक्रमा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, जबकि भाईदूज पर यमुना के विश्राम घाट पर स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए भी भारी भीड़ उमड़ती है। इसे देखते हुए परिक्रमा मार्गों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सफाई, पेयजल, प्रकाश, शौचालय और पार्किंग की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। गोवर्धन परिक्रमा मार्ग से अतिक्रमण हटाने, बैरिकेडिंग कराने और संकेतक बोर्ड लगाने पर भी जोर दिया गया।यमुना घाटों पर सुरक्षित स्नान के लिए बैरिकेडिंग, जल पुलिस, गोताखोरों और बचाव दल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस और चिकित्सकीय टीमें तैयार रखने तथा दीपावली के दौरान अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को निर्बाध आपूर्ति और जर्जर तारों की मरम्मत कराने को कहा गया। वहीं अग्निशमन विभाग को बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में आग से बचाव के इंतजाम मजबूत करने के निर्देश दिए गए।एसएसपी श्लोक कुमार ने पुलिस अधिकारियों को मंदिरों, बाजारों, घाटों और संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखने तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात डायवर्जन प्लान तैयार करने, पार्किंग स्थल चिह्नित करने और पीस कमेटी की बैठकें कराने को भी कहा। बैठक में एडीएम प्रशासन अमरेश कुमार, एडीएम नमामि गंगे नंद प्रकाश मौर्य, एसपी ग्रामीण आलोक राज नारायण, सीएमओ डॉ. राधावल्लभ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

 

यह खबर शेयर करें

यह भी पढ़ें

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।