मऊरानीपुर (झांसी)। तहसील क्षेत्र के टीकमगढ़ रोड स्थित खदियन चौराहे पर कृषि विभाग की टीम ने खाद की दुकानों का निरीक्षण किया। जिला कृषि अधिकारी कुलदीप मिश्रा के नेतृत्व में पहुंची टीम ने लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर और बिक्री संबंधी अभिलेखों की जांच की।
स्थानीय किसानों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में खाद की बोरियां 1700 से 2100 रुपये तक में बेची जा रही हैं। किसानों का दावा है कि बिना आधार कार्ड और फार्मर रजिस्ट्री के मध्य प्रदेश में भी खाद की बिक्री की जा रही है।

ग्रामीणों के मुताबिक, चौराहे पर करीब 10 खाद की दुकानों में स्टॉक उपलब्ध है, लेकिन निरीक्षण के दौरान केवल दो दुकानों की जांच की गई। इससे किसानों ने सभी दुकानों की निष्पक्ष जांच कराने और निर्धारित दरों पर खाद की बिक्री सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
जिला कृषि अधिकारी कुलदीप मिश्रा ने बताया कि दुकानों का सामान्य निरीक्षण किया गया और स्टॉक व लाइसेंस की जांच की गई। उनके अनुसार, प्रथम दृष्टया सब कुछ सामान्य मिला। वहीं, ओवररेटिंग के आरोपों को लेकर किसानों ने विस्तृत जांच की मांग की है।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।