आगरा । एसएन मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने जटिल सर्जरी कर 40 वर्षीय मरीज की किडनी बचाने में सफलता हासिल की है। लैप्रोस्कोपिक असिस्टेड पार्शियल नेफ्रेक्टॉमी तकनीक से किडनी में मौजूद ट्यूमर निकाला गया, जबकि स्वस्थ हिस्से को सुरक्षित रखा गया। ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत ठीक बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, मरीज को उपचार के लिए दिल्ली जाने की सलाह दी गई थी, जहां इलाज पर करीब छह लाख रुपये खर्च होने का अनुमान था। आर्थिक तंगी के चलते मरीज ने एसएन मेडिकल कॉलेज में उपचार कराया, जहां विशेषज्ञों ने सफल सर्जरी की।
यूरोलॉजी विभाग के डॉ. विजय त्यागी ने बताया कि विशेषज्ञों के समन्वय और आधुनिक तकनीक से अब जटिल ऑपरेशन संस्थान में ही किए जा रहे हैं। डॉ. अभिषेक पाठक के अनुसार, छोटे और सीमित ट्यूमर में पूरी किडनी निकालने के बजाय केवल गांठ हटाकर किडनी की कार्यक्षमता बचाई जा सकती है।
सर्जरी में एनेस्थीसिया टीम के डॉ. अतिहार्ष मोहन, डॉ. प्रभा और डॉ. अमिता त्यागी की अहम भूमिका रही।
कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि संस्थान मरीजों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। डॉक्टरों ने किडनी में ट्यूमर के लक्षणों पर समय से जांच कराने और यूरोलॉजिस्ट से परामर्श लेने की सलाह दी।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।