मथुरा। नगर निगम मथुरा-वृंदावन की प्रवर्तन टीमों ने शहर को अतिक्रमण मुक्त और स्वच्छ बनाने के लिए 26 और 27 नवंबर को विभिन्न प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक रास्तों और फुटपाथों पर रखे सामान को हटवाने के साथ प्रतिबंधित पॉलीथिन के इस्तेमाल और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।27 नवंबर को औरंगाबाद और सिटी जोन की संयुक्त टीम ने भूतेश्वर तिराहे से बीएसए कॉलेज, नया बस स्टैंड, एसबीआई चौराहा, टैंक चौराहा, सिविल लाइन और वेटरनरी कॉलेज तक अभियान चलाया। वहीं भूतेश्वर जोन की टीम ने कृष्ण जन्मभूमि गेट नंबर-1, डीग गेट, गोविंद नगर थाना, अग्रसेन चौक, जयसिंहपुरा और बिरला मंदिर होते हुए एसकेएस फार्म हाउस तक अस्थायी अतिक्रमण हटाया। इस कार्रवाई में 40 ठेले-धकेल, पांच काउंटर और पांच घोड़ा-बग्गी हटाई गईं। इसके अलावा विभिन्न सामान जब्त किए गए और 35 अवैध होर्डिंग हटाए गए। सात अस्थायी अतिक्रमण के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।इससे पहले 26 नवंबर को एसबीआई मेन ब्रांच से धौली प्याऊ तक अभियान चलाया गया था। धौली प्याऊ के व्यावसायिक क्षेत्र में दुकानों के बाहर और सड़क पर रखे सामान को हटवाया गया। प्रतिबंधित पॉलीथिन के इस्तेमाल पर 4,000 रुपये, गंदगी फैलाने पर 1,000 रुपये और अतिक्रमण पर 4,500 रुपये सहित कुल 9,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस दौरान 12 ठेले-धकेल, 10 बोर्ड और दो काउंटर सहित अन्य सामग्री जब्त की गई। नगर निगम ने दुकानदारों से सड़क और फुटपाथ पर सामान नहीं रखने, प्रतिबंधित पॉलीथिन का प्रयोग न करने तथा स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार अभियान आगे भी जारी रहेगा।











टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।