मथुरा। थाना जैंत क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे सनसिटी के पास सर्विस लेन पर खड़े डंपर में पीछे से एक स्विफ्ट कार टकरा गई। मध्य प्रदेश नंबर की इस कार में नौ लोग सवार थे। हादसे में चार लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। सभी यात्री मध्य प्रदेश के भिंड के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, ये लोग ग्वालियर से आए थे। दुर्घटना के बाद घायलों को सर्वोदय मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, घायलों में दो की हालत गंभीर बताई गई है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि कार सवारों ने रात में दो अलग-अलग स्थानों परिक्रमा की थी। आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद पूरी नहीं होने के कारण झपकी आने से हादसा हुआ। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। परिजनों को दुर्घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने बताया कि घायलों का उपचार जारी है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।