मथुरा। जिले में साइबर ठगों ने जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर एक बार फिर फर्जी फेसबुक आईडी बना ली है। जिलाधिकारी के पौने दो साल के कार्यकाल में इस तरह का यह पांचवां मामला बताया जा रहा है। इससे पहले भी इस संबंध में थाना सदर बाजार में मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। फर्जी प्रोफाइल के माध्यम से लोगों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जा रही हैं, जिससे धोखाधड़ी की आशंका बढ़ गई है।
आशंका जताई जा रही है कि ठग जिलाधिकारी की पहचान का सहारा लेकर लोगों का विश्वास जीतने और बाद में उनसे रुपये मांगने की कोशिश कर सकते हैं। इस तरह की गतिविधियां सोशल मीडिया पर पहचान की नकल कर ठगी करने के बढ़ते खतरे की ओर भी संकेत करती हैं।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने स्वयं फर्जी फेसबुक आईडी की जानकारी साझा करते हुए लोगों को सतर्क किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके नाम से बनाई गई संबंधित प्रोफाइल फर्जी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसी किसी भी फ्रेंड रिक्वेस्ट को स्वीकार न करें और किसी के कहने पर रुपये न भेजें।
सोशल मीडिया पर किसी अधिकारी के नाम से संदेश या आर्थिक सहायता संबंधी मांग मिलने पर पहले उसकी आधिकारिक पुष्टि अवश्य करें। किसी संदिग्ध प्रोफाइल की सूचना संबंधित पुलिस या साइबर अपराध इकाई को दें।




टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।