आगरा। आगरा मेट्रो परियोजना के दूसरे कॉरिडोर में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने फूल सैय्यद चौराहा स्थित मेट्रो डिपो से सदर बाजार मेट्रो स्टेशन तक डाउन लाइन पर करीब तीन किलोमीटर लंबे मॉल रोड खंड में सफल ट्रायल रन किया। इससे आगरा कैंट–कालिंदी विहार कॉरिडोर की तैयारियों को गति मिली है।
पिछले सप्ताह थर्ड रेल से संबंधित कार्य पूरा होने के बाद यह ट्रायल रन संभव हो सका। परीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक अरविंद राय सहित यूपीएमआरसी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ट्रेन संचालन और तकनीकी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। वहीं, अप लाइन पर ट्रैक बिछाने का कार्य अंतिम चरण में है।
यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने सफल ट्रायल रन पर आगरा मेट्रो की टीम और ठेकेदार कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने आगरा के लोगों को विश्वस्तरीय, सुरक्षित और सुगम मेट्रो सेवा उपलब्ध कराने के संकल्प को दोहराया।
दूसरे कॉरिडोर में आगरा कैंट से आगरा कॉलेज तक के हिस्से को प्राथमिकता दी गई है, जबकि एमजी रोड से कालिंदी विहार तक शेष हिस्से में निर्माण कार्य जारी है।
यूपीएमआरसी के अनुसार, नियमित यात्री सेवा शुरू करने से पहले आवश्यक तकनीकी परीक्षण, सुरक्षा जांच और संबंधित स्वीकृतियां पूरी करना जरूरी है। इसके बाद ही यात्रियों के लिए मेट्रो संचालन शुरू किया जा सकेगा।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।