बिजनौर। जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन की तैयारियों को लेकर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें निर्वाचन व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक जानकारी दी गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद में मतदान के लिए 12 मतदान केंद्र और 13 बूथ बनाए गए हैं, जहां कुल 8442 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। मतगणना 27 अक्टूबर को निर्धारित है, जबकि निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि सभी मतदान केंद्रों के लिए रूट चार्ट तैयार कर लिया गया है। आचार संहिता के अनुपालन के लिए जिला सूचना कार्यालय में एमसीएमसी कार्यालय संचालित किया जा रहा है। निर्वाचन नामावलियों की बिना फोटो वाली पीडीएफ फाइलें भी आयोग के निर्देशानुसार डीईओ पोर्टल पर अपलोड कर दी गई हैं।
मतदान के बाद मतपेटियों को कलेक्ट्रेट स्थित स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा। इसके बाद पुलिस सुरक्षा में मतपेटियां मतगणना के लिए बरेली भेजी जाएंगी। बैठक में संबंधित अधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।