“सत्ता से सवाल करने वाली पत्रकारिता पर नियमों की नजर, अब खबर लिखने से पहले सहमति का इंतजाम भी जरूरी होगा क्या?”
विज्ञापन
लोकतंत्र में जनता को सब कुछ जानने का अधिकार है, लेकिन डिजिटल दौर में लगता है कि खबरों को भी अब अनुमति लेकर ही सांस लेनी पड़ेगी। सरकार ने नागरिकों की निजी जानकारी की सुरक्षा के लिए डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण कानून बनाया। मकसद अच्छा है, लेकिन इसके कुछ प्रावधानों ने पत्रकारिता के गलियारों में ऐसी हलचल मचा दी है कि अब पत्रकार खबर लिखने से पहले खबर के पात्र से ही पूछने की चिंता में पड़ सकते हैं कि हुजूर, आपके खिलाफ कुछ छाप दें तो आपकी निजता तो आहत नहीं होगी?
27 अक्टूबर को सर्वोच्च न्यायालय ने डिजिटल समाचार प्रकाशक संघ की याचिका पर केंद्र सरकार से जवाब मांगा। याचिका में आशंका जताई गई है कि पत्रकारिता को पर्याप्त छूट नहीं मिलने से खोजी खबरों, गोपनीय स्रोतों और जनहित की पड़ताल पर असर पड़ सकता है। अदालत ने 17 नवंबर को अगली सुनवाई तय की है। मामला अभी विचाराधीन है, लेकिन सवाल बड़ा है।
मान लीजिए किसी अधिकारी के भ्रष्टाचार, सरकारी धन की बंदरबांट या किसी प्रभावशाली व्यक्ति के हितों के टकराव की पड़ताल करनी हो। क्या पत्रकार पहले संबंधित महोदय से अनुमति मांगेगा? क्या खबर छापने से पहले आरोपी से प्रमाणपत्र लेना होगा कि आपकी खबर से मेरी प्रतिष्ठा और निजता को कोई चोट नहीं पहुंचेगी? अगर ऐसा हुआ तो खोजी पत्रकारिता का नया नियम होगा—पहले सहमति, फिर सच्चाई!
सेंटी गुरु कहते हैं कि निजता की रक्षा जरूरी है। किसी की निजी तस्वीर, पता, स्वास्थ्य या पारिवारिक जानकारी को खबर के नाम पर सार्वजनिक करना पत्रकारिता नहीं है। लेकिन निजता की आड़ में सार्वजनिक जवाबदेही से बचने का रास्ता भी नहीं खुलना चाहिए।
आज लोकतंत्र में एक तरफ नागरिक की निजता है तो दूसरी तरफ जनता का जानने का अधिकार। दोनों जरूरी हैं। मगर सत्ता के गलियारों में जब सवाल उठते हैं तो निजता का चश्मा अचानक बड़ा हो जाता है और जनहित की फाइल छोटी!
पत्रकारिता का काम किसी की निजी जिंदगी में ताकझांक करना नहीं, बल्कि सार्वजनिक जीवन में छिपे सवालों को सामने लाना है। कानून ऐसा होना चाहिए जो नागरिक की गरिमा बचाए, लेकिन भ्रष्टाचार और अनियमितताओं पर कलम चलाने वाले हाथों को कमजोर न करे।
वरना कलम से खबर लिखने से पहले अनुमति मांगनी पड़ेगी और लोकतंत्र में सच भी शायद दस्तखत करवाकर ही बाहर निकलेगा!













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।