27 नवंबर, 2026  |  05:46 IST
Jila Nazar
शुक्रवार, 27 नवंबर 2026
विज्ञापन
Billboard 1275x450
Billboard 1275x450
Billboard 1275x450
Billboard 1275x450
Billboard 1275x450
Billboard 1275x450

संबोधन से चिढ़ या वायरल होने की अदा? ‘बहनजी नहीं हूं मैं’……

सेंटी गुरु का तंजनामा:

⏱ 1 मिनट में पढ़ें👁 13 बार पढ़ा गया
संबोधन से चिढ़ या वायरल होने की अदा? ‘बहनजी नहीं हूं मैं’……

वाह री सोशल मीडिया की दुनिया! यहां कब कौन-सी बात सुर्खियों का ताज पहन ले, इसका अंदाजा बड़े-बड़े विशेषज्ञ भी नहीं लगा सकते। आगरा में प्रदर्शनकारियों की समस्याएं सुनने पहुंचीं एसीपी अमीषा सिंह कानून-व्यवस्था संभालने गई थीं, लेकिन लौटते-लौटते उनका एक जवाब इंटरनेट मीडिया की सुर्खियों में छा गया। किसी ने उन्हें ‘बहनजी’ कहकर संबोधित किया तो जवाब मिला- ‘बहनजी नहीं हूं मैं।’ बस फिर क्या था! वीडियो वायरल और चर्चा का बाजार गर्म।

अब सेंटी गुरु भी सोच में पड़ गए कि आखिर इस संबोधन में ऐसी कौन-सी प्रशासनिक आपातस्थिति पैदा हो गई कि तत्काल स्पष्टीकरण देना जरूरी हो गया? क्या ‘बहनजी’ कहना कानून-व्यवस्था के लिए खतरा था या फिर संबोधन की शब्दावली में कोई नई सरकारी गाइडलाइन जारी होने वाली है?

विज्ञापन
WhatsApp
WhatsApp
WhatsApp

वैसे लोकतंत्र में जनता को अपने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से सवाल पूछने का अधिकार है। अधिकारी भी आखिर इंसान हैं, उनकी अपनी पसंद-नापसंद और व्यक्तिगत पहचान है। किसी को किस नाम से पुकारा जाए, यह सम्मान और शिष्टाचार का विषय हो सकता है। लेकिन जब कोई अधिकारी सार्वजनिक जिम्मेदारी निभाते हुए जनता के बीच खड़ा हो, तब उसके शब्दों का वजन भी पद की गरिमा के बराबर होना चाहिए।

सेंटी गुरु की छोटी-सी गुजारिश है मैडम! जनता आपको बहनजी कहे, मैडम कहे या अधिकारी जी, इससे ज्यादा जरूरी यह है कि वह आपको अपनी फरियाद सुनाने लायक समझे। क्योंकि जनता के लिए संबोधन से ज्यादा महत्वपूर्ण उसका समाधान है।

प्रदर्शनकारी किस मांग को लेकर सड़क पर उतरे थे, उनकी परेशानी क्या थी और प्रशासन ने उनकी बात कितनी गंभीरता से सुनी, इन सवालों पर भी उतनी ही चर्चा होनी चाहिए, जितनी वायरल वीडियो के एक वाक्य पर हो रही है।

आजकल अजब दौर है। जनता अपनी समस्या लेकर आती है और सोशल मीडिया को अधिकारी का जवाब मिल जाता है। शिकायत पीछे छूट जाती है, संवाद का एक टुकड़ा वायरल हो जाता है।

सेंटी गुरु का अंतिम सवाल बस इतना है- मैडम, ‘बहनजी नहीं हूं मैं’ कहना आपका व्यक्तिगत अधिकार है, लेकिन जनता की उम्मीदों का संबोधन क्या होगा? क्योंकि कुर्सी पर बैठने वाले की पहचान उसके संबोधन से नहीं, उसके व्यवहार और काम से बनती है।

याद रखिए, जनता को रिश्ते नहीं तलाशने, उसे अपनी समस्याओं का समाधान चाहिए।

   -सेंटी गुरु

यह खबर शेयर करें
jilanazar.com
jilanazar.com · सम्पादकीय डेस्क jilanazar.com की और खबरें →

यह भी पढ़ें

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।