27 नवंबर, 2026  |  07:41 IST
Jila Nazar
शुक्रवार, 27 नवंबर 2026
विज्ञापन
Billboard 1275x450
Billboard 1275x450
Billboard 1275x450
Billboard 1275x450
Billboard 1275x450
Billboard 1275x450

भाजपा में अपनों का 'ऑपरेशन सिंदूर'!

सेंटी गुरु का तंजनामा : .. ✍️

⏱ 1 मिनट में पढ़ें👁 13 बार पढ़ा गया
भाजपा में अपनों का 'ऑपरेशन सिंदूर'!

आगरा में भाजपा के सामने 2027 का चुनावी रण अभी दूर है, लेकिन पार्टी के भीतर टिकट का रण अभी से छिड़ गया है। विपक्ष को चुनौती देने की तैयारी बाद में होगी, फिलहाल अपने ही अपनों की राजनीतिक घेराबंदी में जुटे हैं। कोई टिकट की दावेदारी में शक्ति प्रदर्शन कर रहा है तो कोई संगठन में अपनी उपेक्षा का दुखड़ा रो रहा है। पार्टी के मंचों पर एकजुटता के नारे गूंज रहे हैं और मंच से नीचे गुटबाजी की ढोलक बज रही है। वाह रे संगठन! ऊपर से परिवार, भीतर से सियासी अखाड़ा!

सेंटी गुरु कहते हैं कि भाजपा में कार्यकर्ता की हैसियत भी बड़ी दिलचस्प है। चुनाव के पहले वही कार्यकर्ता नेता जी का दाहिना हाथ, चुनाव के दौरान आंखों का तारा और चुनाव जीतने के बाद पहचान बताने के लिए मजबूर हो जाता है। जिसने रात-रात भर पोस्टर लगाए, बूथ संभाले और घर-घर जाकर वोट मांगे, अब उसे अपने ही जनप्रतिनिधि से मिलने के लिए सिफारिश ढूंढनी पड़ती है। नेता जी के दरबार में कार्यकर्ता की अर्जी शायद इसलिए लंबित रहती है कि अभी अगला चुनाव आया नहीं है!

विज्ञापन
WhatsApp
WhatsApp
WhatsApp

शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी की हार ने संगठन के दावों की ऐसी क्लास ली कि अब समीक्षा की कॉपियां जांची जा रही हैं। शिक्षक वर्ग की नाराजगी का हिसाब कौन देगा, यह सवाल जरूर है, लेकिन जिम्मेदारी लेने के लिए कोई आगे आए, तब न! हार का ठीकरा किसके सिर फूटेगा, इसकी तैयारी शायद जीत के जश्न से ज्यादा गंभीरता से चल रही होगी।

उधर, टिकट के दावेदारों की फौज देखकर लगता है कि आगरा की हर विधानसभा सीट पर चुनाव नहीं, स्वयंवर होने वाला है। हर नेता के पास अपना बायोडाटा, अपनी लोकप्रियता और जीत की गारंटी है। बस टिकट किसी और को मिल जाए तो वही गारंटी नाराजगी में बदलने में देर नहीं लगाएगी। टिकट मिलने तक सभी पार्टी के सच्चे सिपाही और टिकट कटते ही सिद्धांतों के सबसे बड़े पहरेदार!

मतदाता सूची और यूजीसी के नए नियमों को लेकर उठ रही चिंताएं भी संगठन के सामने सवाल खड़े कर रही हैं।

अब सेंटी गुरु की छोटी-सी सलाह है- नेता जी, विपक्ष को हराने के लिए भाषण बाद में लिखिएगा, पहले अपने कार्यकर्ताओं की नाराजगी पढ़ लीजिए। क्योंकि जिस घर की ईंटें ही आपस में खिसक रही हों, उसकी दीवार पर कमल खिलाने के पोस्टर लगाने से मकान मजबूत नहीं होता। कहीं ऐसा न हो कि विपक्ष दरवाजे पर दस्तक दे और अपने ही अंदर से कुंडी लगा दें!

  -सेंटी गुरु

यह खबर शेयर करें
jilanazar.com
jilanazar.com · सम्पादकीय डेस्क jilanazar.com की और खबरें →

यह भी पढ़ें

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।