वाह रे इंसानी फितरत! मित्रता की तलाश में निकलिए तो दुनिया अपनत्व का पूरा बाजार सजाए बैठी मिलती है। कोई गले लगकर दोस्ती का दम भरता है, कोई पीठ थपथपाकर साथ निभाने का भरोसा देता है और कोई तो ऐसा अपना बनता है कि लगता है, इससे सच्चा हितैषी दुनिया में दूसरा कोई है। लेकिन वक्त की एक करवट आते ही चेहरे से अपनत्व का मुखौटा उतरने लगता है।
मित्र बनाना चाहते हैं, नहीं बना संयोग।
विज्ञापनमिले हमें संसार में, रंग बदलते लोग।।
मन में कलुष भरा जहाँ, वहाँ न सच्ची प्रीति।
निश्छल मन प्रेमिल सदा, यही जगत की रीति।।
आजकल मित्रता भी बड़ी सुविधाजनक हो गई है। जब तक आपका पद, पैसा, प्रभाव और पहचान है, तब तक आपके आसपास शुभचिंतकों की भीड़ लगी रहेगी। आपकी हर बात पर वाहवाही होगी, हर निर्णय ऐतिहासिक बताया जाएगा और आपकी गलतियां भी उन्हें दूरदर्शिता नजर आएंगी। मगर जैसे ही आपकी उपयोगिता समाप्त हुई, वही लोग पहचानने से भी परहेज करने लगते हैं।
मित्रता का नया गणित भी कम दिलचस्प नहीं है। यहां संबंध दिल से कम और लाभ से अधिक निभाए जाते हैं। जो काम निकलवा दे, वह परम मित्र और जो सच का आईना दिखा दे, वह सबसे बड़ा विरोधी! सच बोलने वाला अक्सर अकेला रह जाता है, जबकि चापलूसी करने वालों की महफिल हमेशा गुलजार रहती है।
विडंबना देखिए, लोग सच्चे मित्र की तलाश तो करते हैं, लेकिन खुद किसी के सच्चे मित्र बनने की परीक्षा देने को तैयार नहीं होते। हर किसी को ऐसा साथी चाहिए जो मुसीबत में साथ दे, लेकिन जब दूसरे पर संकट आता है तो मोबाइल की घंटी भी उन्हें सुनाई नहीं देती।
दरअसल, मित्रता शब्दों से नहीं, व्यवहार से पहचानी जाती है। निश्छल मन में प्रेम हो तो बिना किसी स्वार्थ के भी रिश्ते जिंदा रहते हैं। मगर जहां मन में कलुष, ईर्ष्या और अवसरवादिता का डेरा हो, वहां अपनत्व केवल दिखावे की सजावट बनकर रह जाता है।
सेंटी गुरु की मानें तो दुनिया में मित्रों की कमी नहीं, कमी है तो मित्रता निभाने वाले दिलों की। क्योंकि रंग बदलने वाले तो मौसम के साथ भी बदल जाते हैं, लेकिन सच्चे मित्र वही हैं जो परिस्थितियां बदलने पर भी अपना रंग नहीं बदलते।
बाकी दुनिया तो चेहरे पढ़ती रहेगी, सेंटी गुरु दिलों की किताब तलाशते रहेंगे!
- सेंटी गुरु













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।