फतेहपुर सीकरी। गांव दूरा में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही ग्रामीणों की सुरक्षा पर भारी पड़ सकती है। मुख्य मार्ग पर लगा बिजली का पोल महीनों से टेढ़ा होकर गिरने की कगार पर है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभागीय अधिकारियों ने समस्या का समाधान नहीं कराया है।
ग्रामीणों के मुताबिक, इसी रास्ते से प्रतिदिन छोटे-छोटे बच्चे स्कूल जाते हैं। इसके अलावा हजारों ग्रामीण बाजार और अन्य जरूरी कामों के लिए इस मार्ग से गुजरते हैं। ऐसे में झुका हुआ विद्युत पोल कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। अनहोनी की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने पोल को रस्सी से बांधकर अस्थायी रूप से रोक रखा है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर जूनियर इंजीनियर, दूरा सब स्टेशन, एसडीओ फतेहपुर सीकरी, एक्सईएन किरावली और बिजली विभाग की हेल्पलाइन 1912 पर कई बार शिकायत दर्ज कराई गई है। इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
हादसे से पहले कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से तत्काल मौके का निरीक्षण कर जर्जर पोल को बदलवाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी दिन गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे एक्सईएन कार्यालय का घेराव करने को मजबूर होंगे। अब देखना है कि विभाग संभावित खतरे को लेकर कब कार्रवाई करता है।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।