लुधियाना/पंजाब । यूजीसी बिल पर सुप्रीम कोर्ट की रोक का अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने स्वागत करते हुए इसे उचित और सराहनीय निर्णय बताया है। महासभा ने केंद्र सरकार से बिल पर पुनर्विचार करने की मांग करते हुए कहा कि किसी भी कानून का उद्देश्य समाज में समानता, एकता और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देना होना चाहिए, न कि सामाजिक वर्गों के बीच दूरियां पैदा करना।
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर शनिवार को लुधियाना के शिवपुरी क्षेत्र स्थित पंजाब क्षत्रिय महासभा के प्रधान डिम्पल राणा के कार्यालय पहुंचे। यहां महासभा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया।
सामाजिक टकराव की आशंका जताई
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा यूजीसी बिल पर लगाई गई रोक स्वागतयोग्य कदम है। इसके लिए अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा न्यायालय का आभार व्यक्त करती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाए गए इस बिल से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच मतभेद और टकराव बढ़ने की आशंका है। ऐसे प्रावधान सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करने के बजाय लोगों के बीच दूरियां बढ़ा सकते हैं।
बिल के विरोध में महासभा एकजुट
तंवर ने स्पष्ट किया कि अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के सभी पदाधिकारी इस बिल के विरोध में एकमत हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि समाज के सभी वर्गों के हितों और आपसी सद्भाव को ध्यान में रखते हुए बिल पर गंभीरता से दोबारा विचार किया जाए। उन्होंने कहा कि महासभा सामाजिक हितों को लेकर इस मुद्दे पर अपना विरोध जारी रखेगी।
इस मौके पर पंजाब क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष डिम्पल राणा, एडवोकेट सुरेंद्र सिंह राणा, आशु राणा, रणधीर परमार, हरीश दुआ और अमित दधीच सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: रंजीत भारद्वाज












टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।