आगरा। थाना रकाबगंज क्षेत्र में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर लाल किले की दीवार से टकरा गई। भीषण हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसे की खबर से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 10:30 बजे रामलीला मैदान के गेट के सामने हुआ। बाइक पर तीन युवक बिजलीघर की ओर से लाल किले की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में 16 वर्षीय नैतिक पुत्र भोला सिंह निवासी सुल्तानपुर, थाना सदर और 19 वर्षीय विशाल पुत्र मनोज निवासी मंटोला की मौत हो गई। वहीं 19 वर्षीय प्रेम पुत्र धर्म निवासी मंटोला गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जानकारी में तेज रफ्तार और हेलमेट नहीं पहनने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के खतरों को उजागर कर दिया है। दो परिवारों के घरों में मातम पसरा है, जबकि तीसरा युवक जिंदगी की जंग लड़ रहा है।













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।