फतेहपुर सीकरी । राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ब्रज क्षेत्र में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने के लिए 12 अक्टूबर को फतेहपुर सीकरी के जैंगारा गांव में ‘स्वाभिमान सभा’ आयोजित करेगा। सभा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी शामिल होंगे। इसे क्षेत्र में पार्टी की राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।
सभा को सफल बनाने के लिए रालोद पदाधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र के अलावा आगरा, मथुरा, हाथरस, फिरोजाबाद, अलीगढ़ और राजस्थान के भरतपुर से भी लोगों को जुटाने की जिम्मेदारी पार्टी नेताओं को सौंपी गई है।
सभा की तैयारियों को लेकर पार्टी प्रभारी मनवीर चिकारा क्षेत्र में डेरा डाले हुए हैं। रालोद नेता गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों से सभा में शामिल होने की अपील कर रहे हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्षों को भीड़ जुटाने का लक्ष्य दिया गया है।
पार्टी की इस पहल के जरिए ब्रज क्षेत्र में संगठन की सक्रियता और जनाधार को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। अब सभा में जुटने वाली भीड़ और जयंत चौधरी के संबोधन पर राजनीतिक हलकों की नजर रहेगी।




टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।