गुरसरांय (झांसी)। शारदीय नवरात्र के चौथे दिन बुधवार को नगर के मंदिरों और पूजा पंडालों में मां कूष्मांडा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। वहीं, गुरसरांय के ऐतिहासिक मां काली पूजा पंडाल पटकाना में मां काली की भव्य एवं अलौकिक प्रतिमा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।
पंडाल में सुबह से ही दूर-दराज के क्षेत्रों से भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर रात तक जारी रहा। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर मां काली के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। पुजारी अभिनव शास्त्री ने विधिवत पूजन कराया। इसके बाद भव्य आरती हुई, जिसमें भक्तों ने मां के चरणों में शीश झुकाकर आशीर्वाद मांगा। धार्मिक जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए समिति ने व्यवस्थाएं दुरुस्त की हैं। दूर बैठे श्रद्धालुओं के लिए लाइव प्रसारण की व्यवस्था भी की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए थाना गुरसरांय पुलिस बल तैनात रहा।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष पंकज आर्या, उपाध्यक्ष गगन यादव, सार्थक नायक, अनुज झा, कोषाध्यक्ष मनोज अग्रवाल सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।





टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।