मथुरा। उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक फेरबदल के तहत मथुरा नगर निगम के नगर आयुक्त जग प्रवेश का तबादला कर उन्हें वन एवं पर्यावरण मंत्रालय में निदेशक पद पर नियुक्त किया है। उनके स्थान पर वर्ष 2020 बैच के आईएएस अधिकारी एवं बलिया के मुख्य विकास अधिकारी रहे ओजस्वी राज को मथुरा का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। उनके शनिवार को कार्यभार ग्रहण करने की संभावना है। उत्तराखंड निवासी ओजस्वी राज ने बीटेक की शिक्षा प्राप्त की है और बलिया में लगभग तीन वर्षों के कार्यकाल के दौरान विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने स्थानीय उत्पाद सत्तू की आधुनिक ब्रांडिंग और पैकेजिंग के जरिए उसे नई पहचान दिलाई, जिससे सैकड़ों महिलाओं और किसानों को रोजगार के अवसर मिले।
वहीं, निवर्तमान नगर आयुक्त जग प्रवेश ने अपने कार्यकाल में नगर निगम की कई विकास परियोजनाओं को गति दी और लंबित कार्यों को समयबद्ध पूरा कराने पर विशेष जोर दिया। अब शहर की स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं और विकास योजनाओं को लेकर नए नगर आयुक्त ओजस्वी राज की कार्यशैली पर सभी की निगाहें रहेंगी.




टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।