जम्मू-कश्मीर में आतंकियों की गतिविधियों ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। किश्तवाड़ जिले में बुधवार से लापता दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के शव दच्छन इलाके के जंगल से बरामद हुए हैं। दोनों की गोली मारकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। मृतकों की पहचान ऋषिपाल कुमार और बॉबी चंद के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों SPO अपने कैंप से धरना-मरवाह स्थित सेना की चौकी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। बाद में तलाशी अभियान के दौरान उनके शव जंगल में मिले। दोनों के शरीर पर गोलियों के निशान पाए गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि आतंकियों ने पहले उनका अपहरण किया और फिर हत्या कर दी। वारदात में शामिल आतंकियों की तलाश के लिए सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।
कुलगाम हमले में सुरक्षा कवच भी नहीं रोक सका गोलियां
उधर, कुलगाम में CRPF पर हुए आतंकी हमले को लेकर एक गंभीर खुलासा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, आतंकियों ने ऐसी गोलियों का इस्तेमाल किया, जो बुलेटप्रूफ जैकेट को भी भेदने में सक्षम थीं। हमले में गंभीर रूप से घायल एक CRPF जवान के बुलेट रेसिस्टेंट आर्मर को भी गोलियों ने भेद दिया।
घायल जवान को श्रीनगर स्थित सेना के 92 बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। सुरक्षा एजेंसियां हमले में इस्तेमाल हथियारों और गोलियों की जांच कर रही हैं। दोनों घटनाओं ने जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा चुनौतियों को फिर उजागर कर दिया है।













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।