जैतपुर/आगरा। ग्वालियर में शुक्रवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में जैतपुर के 19 वर्षीय छात्र अतुल शुक्ला की दर्दनाक मौत हो गई। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव जैतपुर स्थित घर पहुंचा, परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
नंदगवां रोड निवासी बीएसएफ जवान विमल शुक्ला के तीन बेटों में मझले अतुल ग्वालियर में रहकर 12वीं की पढ़ाई कर रहे थे। परिजनों के अनुसार, वह स्कूटी से बाजार जा रहे थे, तभी एक अनियंत्रित डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ग्राम प्रधान प्रदीप यादव ने बताया कि अतुल मेधावी और होनहार छात्र था, जिसकी असमय मौत से पूरा गांव गमगीन है। घटना की जानकारी मिलते ही सपा जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाह, पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण वर्मा, जिला उपाध्यक्ष राजेश यादव, गौरीशंकर खेर सहित कई नेताओं ने परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।




टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।