

मऊरानीपुर (झांसी)। नगर के दुबे चौक क्षेत्र में बीती रात एक युवक के हाथ में तमंचा लेकर घूमने का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में युवक गाली-गलौज करते हुए जाता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद थाना मऊरानीपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस द्वारा एकत्र किए गए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक की पहचान विजय सोनी निवासी दुबे चौक, थाना मऊरानीपुर, जनपद झांसी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, फुटेज में युवक नशे की हालत में दिखाई दे रहा है और उसके एक हाथ में तमंचा है।
इस प्रकरण में पुलिस ने स्पष्ट किया है कि थाने पर फायरिंग किए जाने की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मऊरानीपुर में भी गोली लगने से घायल होने (फायर आर्म इंजरी) के संबंध में कोई सूचना दर्ज नहीं है। संबंधित व्यक्ति को उपचार के लिए झांसी रेफर किए जाने की जानकारी मिली है।

क्षेत्राधिकारी मऊरानीपुर रत्नेश्वर सिंह ने बताया कि थाना मऊरानीपुर पुलिस द्वारा पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज सहित घटनाक्रम से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।
पुलिस जांच के बाद ही युवक के पास मौजूद तमंचे और उसके घायल होने की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।