झांसी। नगर में स्कूल से घर लौट रहे दो भाइयों पर दिनदहाड़े 19 युवकों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में 11वीं कक्षा का छात्र और उसका बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने 9 नामजद और 10 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार के अनुसार, स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों भाई घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे युवकों ने उन्हें घेर लिया और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों को बचाया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी की गिरफ्तारी की जाएगी। प्रारंभिक जांच में हमले के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई गई है। फिलहाल दोनों घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।




टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।