लोकतंत्र में एक कहावत बड़ी मशहूर है—कानून के हाथ बहुत लंबे होते हैं। लेकिन सेंटी गुरु को आजकल इस कहावत पर थोड़ा संदेह होने लगा है। सोचते हैं कि कानून के हाथ लंबे जरूर हैं, मगर शायद उनकी पहुंच रसूखदारों तक जाते-जाते थक जाती है। गरीब की गर्दन तक पहुंचने में तो कानून बिजली की रफ्तार दिखाता है, लेकिन किसी माननीय के दरवाजे पर दस्तक देने से पहले उसकी चाल अचानक कछुए जैसी क्यों हो जाती है?
देश की न्याय व्यवस्था में मुकदमों का पहाड़ है। आम आदमी तारीख पर तारीख भुगतते हुए जिंदगी गुजार देता है। जमानत के लिए वकीलों की फीस जुटाते-जुटाते उसकी जेब ही नहीं, उम्मीदें भी खाली हो जाती हैं। दूसरी तरफ रसूख का कमाल देखिए! गंभीर आरोप, जेल की सलाखें और सजा जैसी परिस्थितियां भी कभी-कभी राजनीतिक सक्रियता के रास्ते में ज्यादा देर तक बाधा नहीं बन पातीं। बीमारी का हवाला सामने आते ही कानून की सख्ती पर चिकित्सा की नरमी भारी पड़ती दिखाई देती है। सेंटी गुरु पूछते हैं कि क्या कुछ लोगों की बीमारी भी इतनी प्रभावशाली होती है कि जेल की चारदीवारी से बाहर निकलकर राजनीतिक गलियारों तक पहुंच जाती है?
यहां सवाल बीमारी का नहीं, बल्कि कानून के एकसमान इस्तेमाल का है। आखिर इलाज हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन क्या प्रभाव और पहचान के आधार पर सुविधाओं का पैमाना बदल जाना चाहिए? जेल में बंद सामान्य कैदी को इलाज के लिए लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़े और प्रभावशाली व्यक्ति को विशेष राहत मिल जाए, तो समानता का सिद्धांत किस अस्पताल में भर्ती है?
राजनीति का एक और अद्भुत दृश्य है। जिन चेहरों पर गंभीर आरोपों की छाया होती है, वही कभी-कभी मंचों पर सम्मानित होते हैं, समर्थकों के बीच नायक बनते हैं और सत्ता के गलियारों में अपनी धमक बनाए रखते हैं। यहां अपराध साबित होने से पहले किसी को दोषी कहना उचित नहीं, लेकिन आरोपों की गंभीरता पर सवाल उठाना भी लोकतंत्र का अधिकार है।
सेंटी गुरु की चिंता किसी दल विशेष से नहीं है। सत्ता बदलती रहती है, चेहरे बदलते रहते हैं, मगर कानून की परीक्षा हर सरकार के सामने एक जैसी होनी चाहिए। यदि कानून गरीब के लिए कठोर और रसूखदार के लिए लचीला दिखाई देगा, तो जनता का भरोसा अदालतों से नहीं, व्यवस्था से उठने लगेगा।
सेंटी गुरु की अंतिम बात— कानून की सेहत तभी अच्छी मानी जाएगी, जब उसकी दवा गरीब और अमीर दोनों को एक ही मात्रा में मिले। वरना लोकतंत्र में न्याय की दुकान तो खुली रहेगी, लेकिन उसकी खिड़की पर लिखा होगा—सामान्य नागरिकों के लिए नियम लागू, रसूखदारों के लिए विशेष व्यवस्था!













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।