आज के डिजिटल युग में लोकप्रियता का पैमाना बदल गया है। मित्रों की संख्या हजारों में है, फॉलोअर्स की कतार लंबी है और हर पोस्ट पर शुभकामनाओं तथा प्रतिक्रियाओं की बरसात होती है। मगर इस आभासी भीड़ के पीछे छिपी वास्तविकता कई बार इतनी निर्मम होती है कि इंसान की अंतिम यात्रा भी रिश्तों की सच्चाई उजागर कर देती है।
एक नेता जी के फेसबुक पर पांच हजार मित्र थे, हजारों फॉलोअर्स और दर्जनों व्हाट्सऐप समूहों में उनकी सक्रिय मौजूदगी थी। बीमारी में दुआओं का सैलाब उमड़ा और निधन के बाद श्रद्धांजलियों की बाढ़ आ गई। किसी ने उन्हें अपना अभिन्न मित्र बताया तो किसी ने अपूरणीय क्षति। लेकिन जब अंतिम यात्रा का समय आया, तो कंधा देने के लिए केवल चार लोग पहुंचे। बाकी हजारों मित्र मोबाइल की स्क्रीन पर ही सिमटे रहे।
श्मशान में पंडित ने पूछा, "और कोई आने वाला है?" बेटे ने मोबाइल देखते हुए कहा, "पंडित जी, पांच हजार लोग ऑनलाइन हैं, थोड़ा इंतजार कर लीजिए।" पंडित का जवाब आज के समय पर करारा व्यंग्य था-"बेटा, यहां लकड़ियां लगती हैं, लाइक नहीं!"
यह प्रसंग केवल एक व्यक्ति की अंतिम यात्रा का नहीं, बल्कि बदलते सामाजिक संबंधों का आईना है। सोशल मीडिया ने दूरियों को घटाया जरूर है, लेकिन क्या उसने आत्मीयता भी बढ़ाई है? क्या किसी की तस्वीर पर श्रद्धांजलि लिख देना उसके प्रति वास्तविक संवेदना का प्रमाण है?
दरअसल, डिजिटल दुनिया में भावनाएं भी कई बार प्रदर्शन का माध्यम बन जाती हैं। वहां दुख पर इमोजी मिलते हैं, खुशी पर लाइक और विदाई पर लंबी टिप्पणियां; मगर वास्तविक जीवन में किसी का हाथ थामने वाले कम होते जा रहे हैं।
याद रखिए, लोकप्रियता का हिसाब फॉलोअर्स से नहीं, जरूरत के वक्त साथ खड़े होने वालों से होता है। क्योंकि अंतिम यात्रा लाइक और कमेंट से नहीं, अपनों के कंधों से पूरी होती है।













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।