26 नवंबर, 2026  |  03:25 IST
Jila Nazar
गुरुवार, 26 नवंबर 2026
विज्ञापन
Billboard 1275x450
Billboard 1275x450
Billboard 1275x450
Billboard 1275x450
Billboard 1275x450
Billboard 1275x450

खेल भावना पर भारी पड़ती नफरत की सीमा!

भारत-पाक क्रिकेट में अनुशासन, शिष्टाचार और आईसीसी के नियमों पर उठे सवाल; मैदान पर मुकाबला कम, कड़वाहट ज्यादा

⏱ 1 मिनट में पढ़ें👁 12 बार पढ़ा गया
खेल भावना पर भारी पड़ती नफरत की सीमा!

क्रिकेट को जेंटलमैन गेम कहा जाता है, लेकिन जब मैदान पर खेल भावना दम तोड़ने लगे और खिलाड़ियों का व्यवहार प्रतिद्वंद्विता की जगह व्यक्तिगत खुन्नस का प्रदर्शन करने लगे, तो इस खेल की गरिमा पर सवाल उठना स्वाभाविक है। दोहा में भारत-ए और पाकिस्तान-ए के बीच खेला गया मुकाबला इसी कड़वी सच्चाई का आईना बन गया।

वैभव सूर्यवंशी जैसे उभरते किशोर खिलाड़ी के विकेट पर आक्रामक जश्न और हर्षित राणा सहित दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच तीखी नोकझोंक ने यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि आखिर क्रिकेट की नई पीढ़ी किस तरह की खेल संस्कृति सीख रही है? मैदान पर जीत का जश्न मनाना गलत नहीं, लेकिन विपक्षी खिलाड़ी को अपमानित करना किस खेल भावना का हिस्सा है?

विज्ञापन
WhatsApp
WhatsApp
WhatsApp

इस पूरे घटनाक्रम में खिलाड़ियों के साथ मैच अधिकारियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में रही। टॉस के नतीजे को लेकर हुई गलती और अंतिम ओवरों में डेड बॉल विवाद ने अंपायरिंग की निष्पक्षता और निर्णय प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए। तीसरे अंपायर की भूमिका और मैच रेफरी की कार्रवाई को लेकर भी पारदर्शिता अपेक्षित है। जब मैदान पर नियमों को लेकर ही असमंजस हो, तो खिलाड़ियों से अनुशासन की उम्मीद कैसे की जाए?

विडंबना देखिए, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की आचार संहिता में सब कुछ स्पष्ट है। अनुच्छेद 2.5 आउट होने वाले बल्लेबाज को उकसाने या अपमानित करने वाले व्यवहार को दंडनीय मानता है, जबकि अनुच्छेद 2.8 अंपायर के फैसले पर अनुचित असहमति जताने को उल्लंघन की श्रेणी में रखता है। क्रिकेट के नियमों की प्रस्तावना भी खिलाड़ियों से सम्मान, शिष्टाचार और खेल भावना बनाए रखने की अपेक्षा करती है।

लेकिन असली सवाल केवल खिलाड़ियों के व्यवहार का नहीं, बल्कि क्रिकेट की राजनीति का भी है। भारत-पाकिस्तान मुकाबले अब खेल से कहीं आगे कूटनीति, प्रसारण कारोबार और भावनात्मक राष्ट्रवाद के बीच फंसे दिखाई देते हैं। जब मैदान के बाहर की तल्खी खिलाड़ियों के व्यवहार में उतर आए, तो खेल की निष्पक्षता और गरिमा दोनों प्रभावित होती हैं।

बीसीसीआई और आईसीसी को भी इस विरोधाभास पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। यदि आपसी सम्मान और सामान्य शिष्टाचार तक कायम नहीं रह पा रहा, तो बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में मुकाबलों के आयोजन को लेकर स्पष्ट नीति क्यों नहीं होनी चाहिए?

क्रिकेट में प्रतिद्वंद्वी को हराना उपलब्धि है, उसे अपमानित करना नहीं। बल्ले और गेंद से जवाब देना खेल है, शब्दों और इशारों से नफरत परोसना नहीं। आईसीसी को नियम पुस्तिका केवल अलमारी में सजाने के बजाय मैदान पर लागू करनी होगी। आखिर क्रिकेट की पहचान सरहदों से नहीं, खेल भावना से होनी चाहिए।

 

 

यह खबर शेयर करें
jilanazar.com
jilanazar.com · सम्पादकीय डेस्क jilanazar.com की और खबरें →

यह भी पढ़ें

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।