मऊरानीपुर (झांसी)। राइट विजन वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में 11 अक्टूबर को ग्राम भटपुर में निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में सद्गुरु सेवा संघ, जानकीकुंड चित्रकूट के चिकित्सकों ने लगभग 220 मरीजों की आंखों की जांच की। इस दौरान करीब 70 मरीजों को निःशुल्क चश्मे और दवाएं वितरित की गईं।
शिविर का उद्घाटन ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बरातीलाल ने किया, जबकि पूर्व ब्लॉक प्रमुख मनोज अहिरवार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। नेत्र परीक्षण के दौरान लगभग 40 मरीजों में मोतियाबिंद के लक्षण पाए गए। इनमें से 23 मरीजों को ऑपरेशन और बेहतर उपचार के लिए सद्गुरु सेवा संघ की बस से जानकीकुंड चित्रकूट भेजा गया।
चिकित्सक डॉ. आशीष ने बताया कि सद्गुरु सेवा संघ में मोतियाबिंद के ऑपरेशन निःशुल्क किए जाते हैं। मरीजों के उपचार के साथ उनकी समुचित देखभाल भी की जाती है।
शिविर व्यवस्थापक सत्यप्रकाश आंबेडकर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में सद्गुरु सेवा संघ के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी सहयोग जारी रखने की बात कही।
शिविर में बृजेश कुमार, अधिवक्ता दयाराम सुमन, किशोरी बाबू, जयप्रकाश, भूपेंद्र, भगवान दास, ईशव खान, मनीष चौधरी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।




टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।