संत नामदेव जयंती पर भक्तिमय हुआ बरुआसागर, धार्मिक अनुष्ठानों में उमड़े समाज के लोग,

सत्यनारायण कथा, हवन-पूजन और प्रसाद वितरण के साथ मनाई गई 756वीं जयंती,
बरुआसागर (झांसी)। नगर के कुरयाना मोहल्ला स्थित श्री नामदेव धर्मशाला में संत शिरोमणि नामदेव जी की 756वीं जयंती श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाई गई। नामदेव समाज के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से संत नामदेव जी के आदर्शों और उनके बताए भक्ति एवं मानवता के मार्ग को याद किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान सत्यनारायण की कथा से हुआ। कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से सहभागिता करते हुए धर्मलाभ प्राप्त किया। इसके बाद संत नामदेव जी के जीवन, विचारों और आध्यात्मिक योगदान पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि संत नामदेव जी ने अपनी भक्ति और विचारों के माध्यम से समाज को प्रेम, समानता, सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। भगवान विट्ठल के प्रति उनकी अटूट भक्ति आज भी लोगों को आध्यात्मिक मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
धार्मिक कथा के समापन के बाद विधि-विधान से हवन-पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने हवन कुंड में आहुतियां अर्पित कर परिवार, समाज और नगर की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके उपरांत उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर नामदेव समाज के अध्यक्ष रामप्रकाश नामदेव, वरिष्ठ संरक्षक नाथूराम नामदेव, समिति सदस्य हरीशंकर, गुरुदयाल, पुरुषोत्तम, राजू, हरीशंकर नामदेव (कल्लू), अमोल, संतोष, मुकेश एवं दीपेंद्र नामदेव सहित समाज के अनेक लोग तथा महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से समाज के लोगों ने आपसी एकता, संगठन की मजबूती और संत नामदेव जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।